भारत में दुनिया का सबसे बड़ा लॉकडाउन अभी खत्म नहीं होने वाला। 3 मई को इसका दूसरा दौर खत्म होना था, लेकिन शुक्रवार को सरकार ने इसे दो और हफ्तों के लिए बढ़ा दिया। यानी अब 4 मई से 17 मई तक लॉकडाउन का तीसरा दौर चलेगा। इस तरह सवा सौ करोड़ की आबादी लगातार 55 दिन तक बंदिशों में रहेगी।
बहरहाल, लॉकडाउन का यह तीसरा दौर बड़े बदलाव लेकर आया है। इस बार छोटी रियायतें दी जा रही हैं, लेकिन बड़ी बंदिशें पहले की तरह बरकरार रखी जा रही हैं। ट्रेनें, उड़ानें, स्कूल, कॉलेज, शॉपिंग मॉल और धार्मिक स्थल तो बंद ही रहेंगे, लेकिन अलग-अलग जोन के हिसाब से छूट मिलेंगी। लोग दिन में घरों से बाहर तो निकल सकेंगे, लेकिन जो लोग जरूरी सेवाओं में नहीं हैं, उनका शाम 7 से सुबह 7 बजे के बीच सड़कों पर मूवमेंट नहीं हो सकेगा। यानी बाहर जा रहे हैं तो शाम 7 बजे से पहले घर लौट आएं।
अंतरराष्ट्रीय और यात्री उड़ानें बंद रहेंगी। सभी यात्री ट्रेनें बंद रहेंगी। सिर्फ वे ट्रेनें चलेंगी, जिनकी गृह मंत्रालय ने इजाजत दी हो। जैसे मजदूरों के लिए कुछ राज्यों के बीच स्पेशल ट्रेनें शुरू हुई हैं। मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। एक से दूसरे राज्य में सड़क से आवाजाही नहीं हो सकेगी। हालांकि, ऑरेंज जोन में कैब, टैक्सी चल सकेंगी। ग्रीन जोन में कैब, टैक्सी समेत 50% यात्रियों के साथ बसें भी चल सकेंगी